विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने को लेकर पूर्वी रेलवे ने देवघर और सरायगढ़ के बीच शुरू की अनारक्षित विशेष ट्रेन सेवा
भागलपुर, 10 मई (हि.स.)। गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के कारण भागलपुर और उत्तर-पूर्वी बिहार एवं सीमांचल क्षेत्र के बीच सड़क संपर्क गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है। इसे देखते हुए, पूर्वी रेलवे ने जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए देवघर और सरायगढ़ के बीच 31 मई, 2026 तक अनारक्षित विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
उक्त आशय की जानकारी रविवार को मालदा डिवीजन के पीआरओ ने दी। उन्होंने बताया कि इस महत्वपूर्ण पुल के बाधित होने से भागलपुर और कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, नवगछिया, किशनगंज एवं आसपास के महत्वपूर्ण क्षेत्रों के बीच यात्रा करने वाले निवासियों, छात्रों, व्यापारियों, कार्यालय जाने वालों और दैनिक यात्रियों को काफी असुविधा हो रही है। आम जनता को होने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए, पूर्वी रेलवे ने परिवहन का एक वैकल्पिक और विश्वसनीय माध्यम प्रदान करने के लिए त्वरित कार्रवाई की है। देवघर और सरायगढ़ के बीच इस अनारक्षित मेमू विशेष ट्रेन सेवा का उद्देश्य निर्बाध संपर्क सुनिश्चित करना और यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाना है। गाड़ी संख्या 05573 सरायगढ़-देवघर अनारक्षित विशेष ट्रेन 31.05.2026 तक प्रतिदिन 03:05 बजे सरायगढ़ से प्रस्थान करेगी और उसी दिन 11:20 बजे देवघर पहुँचेगी तथा गाड़ी संख्या 05574 देवघर-सरायगढ़ अनारक्षित विशेष ट्रेन 31.05.2026 तक प्रतिदिन 11:35 बजे देवघर से प्रस्थान करेगी और उसी दिन 22:15 बजे सरायगढ़ पहुँचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में यात्रा के दौरान पूर्वी रेलवे के क्षेत्राधिकार में आने वाले बांका, बाराहाट, भागलपुर, सुल्तानगंज, रतनपुर और मुंगेर स्टेशनों पर रुकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

