महाविद्यालयों व मदरसों में काउंसलिंग कर युवाओं को योजनाओं से जोड़ें : डीडीसी

WhatsApp Channel Join Now
महाविद्यालयों व मदरसों में काउंसलिंग कर युवाओं को योजनाओं से जोड़ें : डीडीसी


महाविद्यालयों व मदरसों में काउंसलिंग कर युवाओं को योजनाओं से जोड़ें : डीडीसी


सुपौल, 14 सितंबर (हि.स.)। जिला निबंधन एवं परामर्श केन्द्र की समीक्षात्मक बैठक सोमवार को उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में सात निश्चय के तहत संचालित ‘आर्थिक हल, युवाओं को बल’ कार्यक्रम की विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।

बैठक में बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, कुशल युवा कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए उप विकास आयुक्त ने निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिले के सभी महाविद्यालयों एवं मदरसों में काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को इन योजनाओं की जानकारी दी जाए तथा पात्र युवाओं को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया जाए।

उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के लाभुकों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। इसके लिए महाविद्यालयों से समन्वय स्थापित कर इंटर एवं स्नातक उत्तीर्ण ऐसे युवाओं की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया, जिन्होंने पढ़ाई छोड़ दी है और वर्तमान में बेरोजगार हैं। ऐसे युवाओं को योजना से जोड़ने के लिए प्रभावी तरीके से जागरूक एवं प्रेरित करने को कहा गया।

बैठक में जिला योजना पदाधिकारी संजय कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (योजना एवं लेखा) मणिभूषण कुमार, डीआरसीसी के प्रबंधक रंजीत कुमार एवं सहायक प्रबंधक (योजना) हेम नारायण चौधरी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story