12 वर्षों से अधूरा रसैली घाट पुल: ग्रामीणों ने डीएम से जल्द निर्माण पूरा कराने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
12 वर्षों से अधूरा रसैली घाट पुल: ग्रामीणों ने डीएम से जल्द निर्माण पूरा कराने की मांग


12 वर्षों से अधूरा रसैली घाट पुल: ग्रामीणों ने डीएम से जल्द निर्माण पूरा कराने की मांग


पूर्णिया, 25 मार्च (हि.स.)। जिले मेंअमौर प्रखंड के परमान नदी पर स्थित रसैली घाट पर पिछले 12 वर्षों से अधूरा पड़ा पुल निर्माण अब भी लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बना हुआ है। इसको लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जल्द पुल निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत बरबट्टा (प्रखंड अमौर, जिला पूर्णिया) के अंतर्गत आने वाला यह पुल अधूरा रहने के कारण लगभग 10 पंचायतों के लाखों लोगों को आवागमन के लिए केवल नाव का सहारा लेना पड़ता है। इससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।

विशेष रूप से बीमार लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इलाज के लिए उन्हें करीब 60 किलोमीटर घूमकर जाना पड़ता है, जिससे कई बार समय पर उपचार नहीं मिल पाने के कारण जान भी चली जाती है। इसके अलावा नाव से आवागमन के दौरान संतुलन बिगड़ने से डूबने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि पुल निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिससे क्षेत्र के विकास पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द पुल निर्माण पूरा कराने की मांग की है।

मांग करने वालों में वार्ड सदस्य रफत जहां, मोहम्मद शकील, नोमान शाही, नियाज मोहम्मद, जफर आलम, मोहम्मद सलीम, मोहम्मद सुन्नुन सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल हैं।

मुखिया संघ अध्यक्ष सह बरबट्टा पंचायत के मुखिया गुलाम अजहर ने भी ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी को अवगत कराया और पुल निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

Share this story