बीसीए अंडर-19 सेंट्रल जोन टीम में वैभव विशाल का चयन, क्षेत्र में खुशी
सुपौल, 31 मार्च (हि.स.)। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड के सरायगढ़ पंचायत निवासी वैभव विशाल का चयन बीसीए अंडर-19 सेंट्रल जोन क्रिकेट टीम में होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके चयन पर परिजनों, स्थानीय लोगों और क्रिकेट प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
वैभव विशाल सरायगढ़ पंचायत की शिक्षिका बबीता कुमारी और बलराम प्रसाद सिंह के पुत्र हैं। बीसीए अंडर-19 सेंट्रल जोन क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत उनका पहला मैच 1 अप्रैल को बेगूसराय में खेला जाएगा, जिसमें सुपौल की टीम का मुकाबला बेगूसराय की टीम से होगा।
बताया जा रहा है कि वैभव विशाल सुपौल टीम के साथ मैच खेलने के लिए बेगूसराय रवाना हो चुके हैं। गौरतलब है कि वैभव विशाल इससे पहले अंडर-14 और अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिताओं में भी राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं और बिहार का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
उनके चयन से इलाके के युवाओं में भी उत्साह देखा जा रहा है। क्रिकेट प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने वैभव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

