सीवान जंक्शन पर लावारिस ट्रॉली बैग से मचा हड़कंप, डॉग स्क्वॉयड की जांच में नहीं मिला विस्फोटक

WhatsApp Channel Join Now
सीवान जंक्शन पर लावारिस ट्रॉली बैग से मचा हड़कंप, डॉग स्क्वॉयड की जांच में नहीं मिला विस्फोटक


सीवान जंक्शन पर लावारिस ट्रॉली बैग से मचा हड़कंप, डॉग स्क्वॉयड की जांच में नहीं मिला विस्फोटक


सीवान, 21 अगस्त (हि.स.)। सीवान रेलवे स्टेशन के फुट ओवरब्रिज (एफओबी) पर सुबह लावारिस ट्रॉली बैग मिलने से यात्रियों और रेलवे सुरक्षा कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। सुबह 8.35 बजे एफओबी पर ट्रॉली बैग मिलने के बाद आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गयी, लेकिन किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तत्काल अलर्ट हो गयीं।

लावारिस ट्रॉली बैग की हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) से जांच की गयी तो उसमें बीप की आवाज आने लगी। इसके बाद किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेते हुए आरपीएफ और जीआरपी ने एफओबी पर यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया। मौके पर आरपीएफ और जीआरपी के जवानों की तैनाती कर दी गयी।

जीआरपी सीवान और डायल-112 को भी सूचना दी गयी। संदिग्ध ट्रॉली बैग मिलने की सूचना पर सुरक्षा एजेंसियों ने डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक दस्ते से संपर्क किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी। इस दौरान यात्रियों में भी तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

करीब 10.45 बजे छपरा से आरपीएफ का डॉग स्क्वॉयड पहुंचा। आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में डॉग स्क्वॉयड ने 10.45 बजे से 10.55 बजे तक ट्रॉली बैग की गहन जांच की। जांच के दौरान किसी भी प्रकार का विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली और स्थिति सामान्य घोषित कर दी गयी।

जांच के बाद ट्रॉली बैग खोला गया तो उसमें कपड़े मिले। कपड़ों में लगी मेटल की चेन और एक बेल्ट में धातु लगा होने के कारण हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से बीप की आवाज आने की बात सामने आयी। जांच में किसी भी संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री के नहीं मिलने से पूरे मामले का पटाक्षेप हो गया। आरपीएफ निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रॉली बैग किसी यात्री का प्रतीत हो रहा है, जो स्टेशन पर छूट गया होगा।

सुरक्षा के मद्देनजर बैग को रेलवे सुरक्षा बल ने अपने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह सामान्य है। करीब डेढ़ घंटे तक चले सुरक्षा जांच अभियान के कारण सीवान जंक्शन के फुट ओवरब्रिज पर यात्रियों की आवाजाही प्रभावित रही। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता और डॉग स्क्वॉयड की जांच के बाद किसी तरह की अप्रिय घटना की आशंका समाप्त हो गयी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story