मढ़ौरा में दिव्यांगजनों की जाँच कर बनाए गए यूडीआईडी कार्ड
सारण, 07 मई (हि.स.)। मढ़ौरा समाज कल्याण विभाग बिहार सरकार के निर्देशानुसार जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग द्वारा मढ़ौरा अनुमंडलीय अस्पताल में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराना था। शिविर में जिला प्रशासन द्वारा प्रतिनियुक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बड़ी संख्या में पहुँचे दिव्यांगजनों का चिकित्सीय परीक्षण किया।
मौके पर ही दिव्यांगता प्रमाण पत्र और यूडीआईडी कार्ड निर्गत किए गए, जिससे अब लाभुकों को सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने में काफी सहूलियत होगी। सशक्तिकरण कोषांग द्वारा शिविर में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के लिए नए आवेदन भी प्राप्त किए गए। अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार जल्द निष्पादन कर पात्र लाभुकों को उपकरण वितरित किए जाएंगे।
शिविर की खास बात यह रही कि यहाँ अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों और आवेदनों का भी ऑन-द-स्पॉट निपटारा किया गया। साथ ही, उपस्थित लोगों को दिव्यांग अधिकार अधिनियम और विभिन्न पेंशन योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। जिला प्रशासन, सारण ने स्पष्ट किया कि दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए ऐसे शिविरों का आयोजन भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरल और सुलभ तरीके से पहुँच सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

