किशनगंज में स्मैक के साथ दो युवक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
किशनगंज में स्मैक के साथ दो युवक गिरफ्तार


किशनगंज, 29 जून (हि.स.)। किशनगंज पुलिस ने नशा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो युवकों को 8.5 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।

दोनों आरोपितों के पास से 140 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने जब्त स्मैक को कब्जे में लेकर आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में संध्या गश्ती के दौरान पुलिस को दो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। रोककर तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 8.5 ग्राम स्मैक बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गुलबस्ती वार्ड संख्या-16 निवासी मोहम्मद चुन्ना तथा मोतीबाग वार्ड संख्या-7 निवासी रवि राय के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 140 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

सोमवार को पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार युवकों से पूछताछ की जा रही है ताकि स्मैक के स्रोत, इसकी आपूर्ति करने वाले तस्करों तथा इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

मामले में तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है और संलिप्त अन्य व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। नशा कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री या तस्करी की कोई सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story