ई-रिक्शा और बाइक की सीधी टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल

WhatsApp Channel Join Now
ई-रिक्शा और बाइक की सीधी टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल


नवादा,22 जुलाई (हि.स.)। नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र की सीमा से सटे गया-जेठियन मार्ग पर सारसु जाने वाली सड़क के समीप बुधवार को ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तत्काल मदद के लिए जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गया रेफर किए जाने की जानकारी मिली है।

घटनास्थल पर मौजूद पत्रकार मिथिलेश कुमार ने भी घायलों की सहायता की और उन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। दुर्घटना के समय दोनों युवक बेहोश थे, जिसके कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस उनकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है तथा परिजनों का पता लगाने में जुटी है।

फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Share this story