बालू के ढेर पर खेल रहे बच्चों के हाथ में फटी संदिग्ध बोतल, दो मासूम गंभीर रूप से घायल

WhatsApp Channel Join Now
बालू के ढेर पर खेल रहे बच्चों के हाथ में फटी संदिग्ध बोतल, दो मासूम गंभीर रूप से घायल


भागलपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के सजौर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शनिवार को एक संदिग्ध बोतल के अचानक फटने से दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। जोरदार धमाके की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना फतेहपुर गांव स्थित महादेव स्थान के समीप की बताई जा रही है। घायलों में अमृता कुमारी और वैभव कुमार शामिल हैं, जिनका इलाज मायागंज अस्पताल में चल रहा है।

बताया जा रहा है कि महादेव स्थान के पास बालू का एक ढेर लगा हुआ था, जहां गांव के कई बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान बच्चों की नजर वहां पड़ी एक छोटी सी संदिग्ध बोतल पर पड़ी। उत्सुकतावश एक बच्चे ने जैसे ही उस बोतल को उठाकर अपने हाथ में लिया, वैसे ही उसमें एक जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि उसकी चपेट में आने से दोनों बच्चे लहुलुहान होकर वहीं गिर पड़े। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की तरफ दौड़े। खून से लथपथ बच्चों को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इस घटना की जानकारी सजौर थाना पुलिस को दी।

मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार भी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायल बच्चों को तुरंत इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भिजवाया। ब्लास्ट की असल वजह का पता लगाने के लिए घटनास्थल पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम को बुलाया गया।

एफएसएल की टीम ने महादेव स्थान और बालू के ढेर के आसपास के पूरे इलाके की बारीकी से जांच की और वहां से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि बालू के ढेर पर वह बोतल कहां से आई और उसमें कौन सा विस्फोटक या संदिग्ध रसायन भरा था।

मामले की निगरानी कर रहे विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि पुलिस और एफएसएल की टीम संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है। बोतल के भीतर क्या था और वह अचानक किस रासायनिक प्रतिक्रिया या वजह से फटी, इसका स्पष्ट खुलासा एफएसएल की आधिकारिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story