अग्निवीर योजना में दो साल के सेवा विस्तार का स्वागत, भागलपुर के युवाओं ने की 10 साल तक नौकरी की मांग
भागलपुर, 07 नवंबर (हि.स.)।
सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना संजोने वाले युवाओं के लिए केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना में एक बड़ा बदलाव किया है।
सरकार द्वारा अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार देने और इसके बाद सशस्त्र बलों में नियमित होने के रास्ते खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने से भागलपुर के युवाओं में उत्साह का माहौल है।
शहर के ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड मैदान में प्रतिदिन सुबह अभ्यास करने वाले अभ्यर्थियों ने इस फैसले का स्वागत किया है, हालांकि उन्होंने सेवा अवधि को और बढ़ाने की मांग भी सामने रखी है।
उल्लेखनीय है कि भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड मैदान में हर सुबह चार से पांच बजे के बीच सेना भर्ती की तैयारी करने वाले सैकड़ों युवा जुटते हैं। कोई ट्रैक पर दौड़ लगाता नजर आता है, तो कोई कठिन शारीरिक अभ्यास के जरिए खुद को फौज के मानकों पर खरा उतारने की कोशिश करता है। इन युवाओं का कहना है कि सेना की वर्दी उनके लिए महज एक रोजगार नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा और गौरव का प्रतीक है। ऐसे में चार साल की सेवा अवधि को बढ़ाकर छह साल करने के निर्णय को वे अपने भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम मान रहे हैं।
सरकार के इस कदम की सराहना करते हुए अभ्यर्थियों ने नीतिगत स्तर पर कुछ और सुधारों की अपेक्षा जताई है।अभ्यर्थियों का मानना है कि प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) पूरा करने में ही काफी समय निकल जाता है। इसलिए सेवा अवधि को केवल छह साल तक सीमित न रखकर कम से कम सात से दस साल तक किया जाना चाहिए। अग्निवीरों को भी नियमित सैनिकों की तरह पूरा सम्मान, आवश्यक सुविधाएं और सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलना चाहिए। स्थानीय अभ्यर्थियों के अनुसार, सेवा विस्तार और नियमितीकरण से जुड़े नियम स्पष्ट होने से तैयारी कर रहे युवाओं का मनोबल कई गुना बढ़ेगा। फिलहाल, इस फैसले ने भागलपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के युवाओं में एक नई उम्मीद जगाई है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि बढ़े हुए कार्यकाल, नियमित सैनिक बनने की चयन प्रक्रिया और अन्य सुविधाओं को लेकर सरकार की ओर से आगे क्या विस्तृत व्यवस्था लागू की जाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

