दो कारोबारी स्मैक के साथ गिरफ्तार, स्कॉर्पियो और बाइक जब्त
अररिया 13 जून(हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मालदा से स्कॉर्पियो की डिलीवरी के लिए पहुंचे दो स्मैक कारोबारी को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 518 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने स्मैक के साथ पश्चिम बंगाल नंबर की ग्रे रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी संख्या डब्लू 20 जेड/1511 और एक अररिया की हीरो स्प्लेंडर बाइक संख्या बीआर 38 एए/5447 और दो मोबाइल बरामद किया।जानकारी सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुशील कुमार सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
सदर एसडीपीओ ने बताया कि जिले की बैरगाछी थाना पुलिस को सूचना मिली कि रामपुर मोहनपुर पूर्वी पंचायत में फिरोज के मुर्गी फार्म के पास स्मैक की बड़ी खेप की डिलीवरी होनी है।
सूचना के बाद एनडीपीएस एक्ट के प्रावधान के तहत मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस जब फिरोज के मुर्गी फार्म के पास पहुंची तो मुर्गी फार्म के सामने परती पड़ी जमीन पर एक ग्रे रंग का बंगाल नंबर का स्कॉर्पियो लगा हुआ था और बगल में ही एक बाइक लगा था।जो पुलिस को देखते ही भागने लगा।
लेकिन पुलिस ने घेराबंदी करते हुए दोनों गाड़ियों को पकड़ते हुए गाड़ी से पश्चिमबंगाल के मालदा जिला के कलियाचक थाना क्षेत्र के शेरशाही महेशपुर के रहने वाले 26 वर्षीय मो.लादेन मोमिन पिता मो. कयूम मोमिन और मालदा के कलियाचक थाना क्षेत्र के सरदार चौक के रहने वाले 19 वर्षीय अब्दुल गफ्फार पिता मुस्लिम शेख को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के क्रम में स्कॉर्पियो गाड़ी से 518 ग्राम स्मैक की बरामदगी की गई। मामले को लेकर बैरगाछी थाना में कांड संख्या 73/26 एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी),21(सी),25 और 29 के तहत दर्ज किया गया।
छापेमारी दल में बैरगाछी थानाध्यक्ष नवदीप कुमार गुप्ता, एसआई श्रुति गुप्ता, एएसआई संतोष कुमार सिंह, पीटीसी नौशाद आलम, सिपाही अंकित कुमार, आशीष कुमार और डीआईयू की टीम शामिल थी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

