भागलपुर में गंगा नदी में दो जहाजों के बीच टक्कर, बाल-बाल बचे यात्री
भागलपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)।
विक्रमशिला सेतु की मरम्मत के कारण बंद पड़े परिचालन के बीच भागलपुर और नवगछिया को जोड़ने के लिए शुरू की गई विशेष जहाज सेवा में बड़ी लापरवाही सामने आई है।
भागलपुर के बियाडा गंगा घाट पर अधिक से अधिक यात्रियों को बैठाकर पैसा कमाने की होड़ और समय सारणी (टाइम टेबल) को लेकर दो संवेदकों (ठेकेदारों) के बीच विवाद हो गया।
इस विवाद के दौरान ही बियाडा घाट के रैंप पर दो जहाजों के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जहाजों पर सवार सैकड़ों यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हालांकि, गनीमत यह रही कि जहाजों का पिछला हिस्सा टकराया और एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल टल गया। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि विक्रमशिला सेतु पर मरम्मत कार्य चलने के कारण पुल पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप्प है।
भागलपुर और नवगछिया के बीच आम जनता को आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन और सरकार ने समन्वय स्थापित कर बियाडा गंगा घाट से विशेष जहाजों का परिचालन शुरू कराया था। लेकिन ठेकेदारों की आपसी गुटबाजी और कमाई की होड़ ने यात्रियों की जान को जोखिम में डाल दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बियाडा गंगा घाट के रैंप पर पटना से मंगाए गए सरकारी जहाज एम.वी. स्वामी परमहंस पर यात्री सवार हो रहे थे। इसी दौरान समय सारणी के विवाद को लेकर संवेदक शेखर के जहाज ने नियंत्रण खो दिया या जानबूझकर स्वामी परमहंस जहाज के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। टक्कर के समय दोनों जहाजों पर यात्री सवार थे। तारिक उमर जहाज इंचार्ज ने बताया कि घाट पर जहाजों के परिचालन की समय सारणी को लेकर संवेदकों के बीच विवाद चल रहा है।
पैसा कमाने की होड़ में नियमों को ताक पर रखा जा रहा है, जिसके कारण यह घटना घटी है। मामले की जानकारी प्रशासन को दे दी गई है ताकि सख्त समय सारणी लागू की जा सके। इस घटना के बाद घाट पर सफर करने वाले यात्रियों में डर का माहौल है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने मांग की है कि प्रशासन तुरंत हस्तक्षेप करे और दोनों संवेदकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जहाजों के परिचालन के लिए एक पारदर्शी और सुरक्षित टाइम टेबल सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

