101 ग्राम स्मैक और दो बाइक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
अररिया 22 अक्टूबर(हि.स.)।फारबिसगंज थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए ढोलबज्जा बाबा चौक के पास दो तस्करों को 102 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया।जबकि पुलिसिया कार्रवाई के दौरान चकमा देकर दो तस्कर अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया।
मामले में पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी जब्त किया।जानकारी फारबिसगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजकिशोर कुमार ने गुरुवार को दी।
फारबिसगंज एसडीपीओ ने बताया कि फारबिसगंज थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिमराहा से दो बाइक पर तस्करों के द्वारा स्मैक का खेप लाया जा रहा है।सूचना के बाद एनडीपीएस एक्ट के एसओपी का पालन करते हुए छापेमारी दल का गठन कर ढोलबज्जा बाबा चौक के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।पुलिस के वाहन चेकिंग के दौरान दो बाइक वापस मुड़ते हुए भागने की कोशिश की,जिसे पुलिस अधिकारियों और बलों ने खदेड़कर पकड़ा।पुलिस ने पल्सर बाइक पर सवार दो तस्करों को पकड़ा।जबकि अपाचे बाइक पर सवार दो युवक बाइक छोड़कर फरार होने में कामयाब रहा।मामले को लेकर फारबिसगंज थाना में कांड संख्या 685/26 धारा 8(सी),21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है।पुलिस ने 31 वर्षीय मो.बारीक पिता असलम और मो.आशिक पिता अब्दुल रहीम को गिरफ्तार किया है।दोनों गिरफ्तार तस्कर सिमराहा थाना क्षेत्र के अदराहा मदारगंज का रहने वाला है।
छापेमारी दल में सब इंस्पेक्टर अमित राज,मनीष कुमार,सिपाही शिवशंकर ठाकुर,मिथिलेश कुमार शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

