बिहपुर-खरीक के किसानों का इंतजार होगा खत्म, 27.48 करोड़ से बनेंगे दो पीपापुल
भागलपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। बिहपुर और खरीक प्रखंड के सैकड़ों किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग जल्द ही पूरी होने जा रही है। गंगा दियारा क्षेत्र में खेती-किसानी और आवागमन को सुगम बनाने के लिए दो नए पीपापुलों का निर्माण कराया जाएगा।
करीब 27.48 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ये दोनों पुल नरकटिया लतामबाड़ी और नन्हकार ढाला स्थित गंगा मरगंग धार पर बनाए जाएंगे। बुधवार को राज्य के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर के विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने फोन पर यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि दोनों पीपापुलों के निर्माण से जुड़ी प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। मंत्री ने कहा कि इन पुलों के बन जाने से बिहपुर प्रखंड के कई गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और लगभग 20 हजार एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में फैले गंगा दियारा में खेती करना बेहद आसान हो जाएगा।
साथ ही, किसानों को खेतों से अनाज और अन्य कृषि उपज घर तक लाने में होने वाली भारी परेशानी से भी स्थायी निजात मिलेगी। इधर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने लागत का ब्योरा देते हुए बताया कि नरकटिया धार पर 14.04 करोड़ रुपये और नन्हकार धार पर 13.44 करोड़ रुपये की लागत से पीपापुल का निर्माण होगा। इन दोनों पुलों के तैयार होने से लत्तीपुर, नरकटिया, गौरीपुर, अमरपुर, बभनगामा, सोनवर्षा, मड़वा और जयरामपुर सहित आसपास के दर्जनों गांवों के किसानों को दियारा में खेती करने और फसल को सुरक्षित घर तक पहुंचाने में बड़ी सहूलियत होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

