दो थानों को मिले नए थानाध्यक्ष, सुनीता कुमारी को गर्वनडांगा और रवि शंकर को गलगलिया की कमान

WhatsApp Channel Join Now
दो थानों को मिले नए थानाध्यक्ष, सुनीता कुमारी को गर्वनडांगा और रवि शंकर को गलगलिया की कमान


किशनगंज, 19 सितंबर (हि.स.)। जिले में विधि-व्यवस्था को बेहतर बनाने और अपराध नियंत्रण को प्रभावी करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने जिला बल के दो पुलिस पदाधिकारियों का पदस्थापन थानाध्यक्ष के पद पर किया है।

दोनों थानों में थानाध्यक्ष का पद रिक्त रहने के कारण यह तैनाती की गई है। पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी आदेश के अनुसार ठाकुरगंज थाना की अनुसंधान इकाई में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक सुनीता कुमारी-02 (बैच-2018) को स्थानांतरित करते हुए गर्वनडांगा थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया है। गर्वनडांगा थाना में थानाध्यक्ष का पद रिक्त था। नई जिम्मेदारी के तहत सुनीता कुमारी को थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा पुलिसिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी संभालनी होगी।

किशनगंज थाना की अनुसंधान इकाई में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक रवि शंकर कुमार (बैच-2019) को गलगलिया थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया है। गलगलिया थाना में भी थानाध्यक्ष का पद रिक्त रहने के कारण पुलिस अधीक्षक ने उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी है। आदेश में एसपी ने दोनों पुलिस पदाधिकारियों को अविलंब अपने नव पदस्थापन स्थल पर योगदान करने तथा सौंपे गए दायित्वों का सम्यक निर्वहन करने का निर्देश दिया है।

थानाध्यक्षों की नई तैनाती के बाद संबंधित थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण, लंबित कांडों के अनुसंधान एवं निष्पादन तथा पुलिस-पब्लिक समन्वय पर विशेष ध्यान दिए जाने की उम्मीद है।

एसपी द्वारा कार्यहित में किए गए इस पदस्थापन से रिक्त पदों पर अधिकारियों की तैनाती हो गई है, जिससे दोनों थानों की नियमित पुलिसिंग व्यवस्था को गति मिलने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story