बालू लदे ट्रैक्टर में ट्रक ने मारी टक्कर, दो गंभीर रूप से घायल

WhatsApp Channel Join Now


भागलपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने आगे चल रहे बालू लदे ट्रैक्टर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए।

इस दुर्घटना में ट्रैक्टर पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों की पहचान महबूब आलम और पंचानंद यादव के रूप में की गई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

दुर्घटना के बाद एनएच-31 पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया। बालू लदे ट्रैक्टर और ट्रक के बीच सड़क पर ही फंसे होने के कारण पूर्णिया-नवगछिया मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए भीषण जाम की स्थिति बन गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को दोबारा सुचारू रूप से बहाल किया जा सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story