भागलपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2 करोड़ रुपये मूल्य की 1 किलो स्मैक बरामद, महिला समेत दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2 करोड़ रुपये मूल्य की 1 किलो स्मैक बरामद, महिला समेत दो गिरफ्तार


भागलपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2 करोड़ रुपये मूल्य की 1 किलो स्मैक बरामद, महिला समेत दो गिरफ्तार


भागलपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के नाथनगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नाथनगर थाना क्षेत्र के बाबू टोला में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध स्मैक बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक किलो स्मैक जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। इस मामले में पुलिस ने एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है।

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए सिटी एसपी अतुलेश झा ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि नाथनगर थाना पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, बाबू टोला का रहने वाला अमलेश यादव अपने घर में परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर अवैध मादक पदार्थों के संग्रह और उसकी खरीद-बिक्री के धंधे में लिप्त था। गुप्त सूचना के सटीक सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित घर में सुनियोजित तरीके से छापेमारी की।

इस दौरान घर की तलाशी लेने पर 1 किलो स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से अमलेश यादव और काजल देवी को गिरफ्तार कर लिया। सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि भागलपुर जिले के इतिहास में अब तक अवैध मादक पदार्थ की यह सबसे बड़ी खेप बरामद की गई है। इतनी भारी मात्रा में स्मैक की बरामदगी को पुलिस प्रशासन एक बड़ी सफलता के रूप में देख रहा है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story