कांवड़ियों के भेष में शराब तस्करी कर रहे दो युवक भागलपुर में गिरफ्तार, 7 लीटर विदेशी शराब बरामद
भागलपुर, 18 अगस्त (हि.स.)।
सावन के महीने में पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए तस्करों द्वारा नए-नए हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।
ताजा मामला भागलपुर रेलवे स्टेशन का है, जहां जीआरपी पुलिस ने मंगलवार को दुमका-पटना एक्सप्रेस से कांवड़ियों के भेष में शराब ले जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ मौजूद एक नाबालिग को विधि निरुद्ध किया गया है।
पुलिस ने इनके पास से सात लीटर विदेशी शराब बरामद की है। जीआरपी के निरीक्षक नसीम अहमद ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान नाथनगर के निवासी के रूप में हुई है।
पूछताछ में यह बात सामने आई है कि दोनों युवक साहिबगंज से शराब लेकर दुमका-पटना एक्सप्रेस में सवार हुए थे। पुलिस की नजरों से बचने और अपनी पहचान छिपाने के लिए दोनों ने बकायदा कांवड़ियों की वेशभूषा धारण कर रखी थी।
उल्लेखनीय है कि सावन के पावन महीने को देखते हुए ट्रेनों में शराब की तस्करी रोकने के लिए जीआरपी द्वारा लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में जैसे ही दुमका-पटना एक्सप्रेस भागलपुर स्टेशन पहुंची, जीआरपी की टीम ने ट्रेन में तलाशी शुरू की। संदिग्ध दिखने पर जब दोनों की तलाशी ली गई, तो उनके पास से सात लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शराब को जब्त कर लिया और दोनों को हिरासत में ले लिया। जीआरपी इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

