पुलिस ने स्मैक के साथ दो धंधेबाज काे किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस ने स्मैक के साथ दो धंधेबाज काे किया गिरफ्तार


भागलपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर विशेष महाअभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। ईशाकचक थाना पुलिस ने 29.15 ग्राम स्मैक के साथ दो शातिर अपराधियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-01 ने शनिवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान दी।

एसडीपीओ ने बताया कि ईशाकचक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भीखनपुर गुमटी नंबर-01 के पास नीलकमल सिंह के एक खंडहरनुमा मकान में मादक पदार्थों का अवैध धंधा चल रहा है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एसएसपी के निर्देशन, सिटी एसपी की निगरानी और एसडीपीओ नगर-01 और ईशाकचक थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने जब उक्त खंडहरनुमा मकान में विधिवत छापेमारी की, तो मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपितों में गौतम दास उर्फ बारूद और प्रवेश कुमार के रूप में हुई है। दोनों आरोपित ईशाकचक थाना क्षेत्र के भीखनपुर गुमटी नंबर-02, हरिजन टोला के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से 29.15 ग्राम स्मैक बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपिताें में से प्रवेश कुमार एक पेशेवर अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से ही ईशाकचक थाने में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story