तुलसिया हाल्ट वायरल वीडियो मामले में दो और गिरफ्तार, सभी छह आरोपी पुलिस गिरफ्त में

WhatsApp Channel Join Now
तुलसिया हाल्ट वायरल वीडियो मामले में दो और गिरफ्तार, सभी छह आरोपी पुलिस गिरफ्त में


तुलसिया हाल्ट वायरल वीडियो मामले में दो और गिरफ्तार, सभी छह आरोपी पुलिस गिरफ्त में


किशनगंज, 30 सितंबर (हि.स.)। दिघलबैंक थाना क्षेत्र के तुलसिया हाल्ट रेलवे स्टेशन के पास युवती के साथ मारपीट और डांटने से संबंधित पुराने वायरल वीडियो के मामले में गठित विशेष अनुसंधान दल ने दो और नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी घटना के बाद अलग-अलग राज्यों में रह रहे थे और एसआईटी की दबिश के बाद दिघलबैंक थाना क्षेत्र पहुंचे थे। मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. जुबेर उर्फ जुबेरियन, पिता मो. बसीर, निवासी श्रीपुर, थाना दिघलबैंक तथा कामिल रजा, पिता मो. शहाबुद्दीन, निवासी कुम्हाटोली, थाना बहादुरगंज के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक जुबेर घटना के बाद हरियाणा में, जबकि कामिल रजा पंजाब में रह रहा था। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को 24/25 सितंबर की देर रात करीब 12:30 बजे तुलसिया हाल्ट के पास युवती के साथ मारपीट से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की सूचना मिली थी। वीडियो के अवलोकन और तकनीकी जांच के बाद घटना में शामिल छह आरोपियों की पहचान की गई थी। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन कर लगातार छापेमारी शुरू की गई।

मामले में इससे पहले शहजाद, मिनाज उर्फ सलमान, अफसर आलम और सहजाद को गिरफ्तार किया जा चुका था। 29 सितंबर को जुबेर उर्फ जुबेरियन और कामिल रजा की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस के अनुसार घटना में चिन्हित सभी छह प्राथमिकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी पांच दिनों के भीतर पूरी कर ली गई।

बुधवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों के विरुद्ध उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अप्राथमिकी अभियुक्तों समेत अन्य बिंदुओं पर अनुसंधान जारी है और शीघ्र आरोप पत्र समर्पित करने की बात कही गई है।

एसपी ने आम लोगों से अफवाह और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने तथा अपुष्ट वीडियो या जानकारी सोशल मीडिया पर प्रसारित नहीं करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story