तुलसिया हॉल्ट मारपीट मामले में दो और आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
तुलसिया हॉल्ट मारपीट मामले में दो और आरोपित गिरफ्तार


किशनगंज, 26 सितंबर (हि.स.)।दिघलबैंक थाना क्षेत्र के तुलसिया हॉल्ट रेलवे स्टेशन के पास युवती के साथ मारपीट और अभद्रता के पुराने वायरल वीडियो मामले में किशनगंज पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) ने शनिवार को दो और प्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपित घटना के बाद राज्य से बाहर रह रहे थे। उन्हें मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर ट्रैक कर किशनगंज क्षेत्र में गिरफ्तार किया गया। इस मामले में अब तक तीन आरोपितो की गिरफ्तारी हो चुकी है।

गिरफ्तार आरोपितो की पहचान मिनाज उर्फ सलमान और अफसर आलम उर्फ हती के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, मिनाज घटना के बाद कर्नाटक में रह रहा था, जबकि अफसर आलम गुजरात में था। दोनों के वापस लौटने की सूचना मिलने पर एसआईटी टीम ने निगरानी बढ़ा दी। पुलिस ने मिनाज को पूर्णिया एयरपोर्ट तथा अफसर आलम को बागडोगरा एयरपोर्ट के आसपास से ट्रैक करते हुए किशनगंज क्षेत्र में गिरफ्तार किया।

इससे पहले पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त शहजाद को 25 सितंबर को दिघलबैंक थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। तीनों आरोपित दिघलबैंक थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। एसपी संतोष कुमार ने बताया कि 24/25 सितंबर की देर रात तुलसिया हॉल्ट के पास युवती के साथ मारपीट का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की सूचना मिली थी। वीडियो के अवलोकन और तकनीकी जांच के बाद घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद गिरफ्तारी के लिए एसआईटी गठित की गई। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ पुलिस साक्ष्य जुटाने में लगी है। वीडियो में नजर आ रहे अन्य आरोपियों की पहचान के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अफवाह और अपुष्ट वीडियो या सूचना सोशल मीडिया पर प्रसारित नहीं करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story