एक करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ बंगाल के दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
एक करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ बंगाल के दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार


किशनगंज, 16 नवंबर (हि.स.)। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एएनटीएफ किशनगंज को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के पनासी हाट के समीप छापेमारी कर 513 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक जैसा मादक पदार्थ) के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।

बरामद मादक पदार्थ का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब एक करोड़ रुपये आंका गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के मौलानी गांव के निवासी हैं।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना मिली थी कि पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के पनासी हाट के पास मोटरसाइकिल से दो तस्कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। इसमें एएनटीएफ किशनगंज और पहाड़कट्टा थाना के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को शामिल किया गया।

विशेष टीम ने पनासी हाट के समीप छापेमारी की। इस दौरान काले रंग की अपाची मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति पुलिस वाहन देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में उनकी पहचान रहीम, पिता अजीजुल हक और जाकिर हुसैन, पिता संजू, दोनों निवासी मौलानी, थाना इस्लामपुर, जिला उत्तर दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान रहीम के पास से 513 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 510 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पूछताछ में दोनों ने मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री में संलिप्तता बताई है। पुलिस अब इनके गिरोह के अन्य सदस्यों तथा मादक पदार्थ के स्रोत और आपूर्ति नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जब्त मोबाइल फोन का तकनीकी अनुसंधान भी किया जा रहा है।

अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले में पहाड़कट्टा थाना कांड संख्या 298/26, दिनांक 16 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 8(सी), 21(सी), 25 एवं 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी दल में एसडीपीओ-वन खुसरू सिराज, एएनटीएफ प्रभारी राजू कुमार, पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेन्द्र कुमार सहित एएनटीएफ एवं पहाड़कट्टा थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778177 Articles

Share this story