नदी में डूबने से दो बच्चियों की मौत, परिजन का रो-रोकर बुरा हाल

WhatsApp Channel Join Now
नदी में डूबने से दो बच्चियों की मौत, परिजन का रो-रोकर बुरा हाल


भागलपुर, 27 जून (हि.स.)। जिले के घोघा थाना क्षेत्र स्थित कटरिया नदी में स्नान के दौरान डूबने से दो बच्चियों की मौत हो गई। घटना शनिवार सुबह करीब नौ बजे की बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। गोताखोरों के करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों के शव नदी से बरामद किए गए। मृतक बच्चियों की पहचान आमापुर निवासी अनिल मंडल की 12 वर्षीय पुत्री प्रिया कुमारी तथा चार वर्षीय पुत्री पूजा कुमारी के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि संजू देवी अपनी दोनों बेटियों के साथ स्नान करने नदी में गई थीं। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में डूबने लगीं। संजू देवी किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहीं, लेकिन दोनों बच्चियां नदी की तेज धारा में समा गईं।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलने पर घोघा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। इस घटना से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story