सीवान में अवैध रूप से रखे गए हाथियों पर कार्रवाई, दो का रेस्क्यू, एक की पहले हो चुकी थी मौत

WhatsApp Channel Join Now
सीवान में अवैध रूप से रखे गए हाथियों पर कार्रवाई, दो का रेस्क्यू, एक की पहले हो चुकी थी मौत


सीवान, 23 मार्च (हि.स.)। सीवान जिला पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने बड़हरिया थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रखे गए दो हाथियों को सकुशल रेस्क्यू किया। रेस्क्यू किए गए हाथियों मे सुमन, भोला एवं बसंती नामक तीन हाथियों के समूह में से शेष बचे दो हथिया है।

इस संबंध में सीवान के पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने बताया कि उक्त तीनों हाथियों को कथित तौर पर पश्चिम बंगाल से बिहार लाया गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इन हाथियों को पहले पड़ोसी जिले के एक आश्रम में रखा गया था, लेकिन सत्यापन के दौरान वे वहां नहीं पाए गए।जांच के दौरान वन विभाग को सूचना मिली कि ये हाथी बड़हरिया क्षेत्र में रह रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर वन विभाग एवं बड़हरिया थाना पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर दो हाथियों को सुरक्षित बरामद कर लिया। बताया गया कि इस समूह के एक हाथी की मृत्यु फरवरी 2026 में ही हो चुकी थी, जबकि शेष दो हाथियों को अब सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया है।

रेस्क्यू अभियान के दौरान सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया।अधिकारियों ने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और अवैध रूप से वन्यजीवों को रखने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बरामद हाथियों को सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story