दो देसी कट्टा व ड्रैगन चाकू के साथ दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
दो देसी कट्टा व ड्रैगन चाकू के साथ दो गिरफ्तार


बेतिया, 02 जून (हि.स.)। बेतिया पुलिस जिला के लौरिया थाना क्षेत्र के बरवा सेख टोली वार्ड संख्या-1 में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दो युवकों को दो देसी कट्टा, दो खाली खोखा तथा एक ड्रैगन चाकू के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव निवासी मोहम्मद कमरान अपने घर में अवैध आग्नेयास्त्र छिपाकर रखा हुआ है और अपने चचेरे भाई के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है।

आरक्षी उपाधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने मंगलवार को बताया कि सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लौरिया थाना पुलिस एवं जिला आसूचना इकाई की संयुक्त टीम ने मोहम्मद कमरान के घर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मोहम्मद कमरान तथा उसके चचेरे भाई इमरुल्लाह आलम को हिरासत में लिया गया। दोनों की निशानदेही पर घर में रखी एक पेटी की तलाशी ली गई, जहां से दो देसी कट्टा, दो खाली खोखा और एक ड्रैगन चाकू बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहम्मद कमरान (पिता-मोहम्मद शमीम) तथा इमरुल्लाह आलम (पिता-फैयाज अहमद) के रूप में हुई है। दोनों बरवा सेख टोली वार्ड संख्या-1 के निवासी हैं। पुलिस ने मौके से एक पंच तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

इस मामले में लौरिया थाना कांड संख्या 318/26 दर्ज कर दोनों आरोपितों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष इन्द्रजीत पासवान, पूर्व थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा, दरोगा प्रिया रंजना सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

Share this story