आत्महत्या रोकथाम और मानसिक स्वास्थ्य में भारतीय ज्ञान परंपरा कारगर : डॉ. थगुना

WhatsApp Channel Join Now
आत्महत्या रोकथाम और मानसिक स्वास्थ्य में भारतीय ज्ञान परंपरा कारगर : डॉ. थगुना


भागलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर मनोविज्ञान विभाग में आयोजित दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का शनिवार को समापन हो गया।

शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली के सहयोग से हाइब्रिड मोड में आयोजित इस सम्मेलन का विषय 'भारतीय ज्ञान परंपरा एवं सतत विकास लक्ष्य 4 : एक वैश्विक दृष्टिकोण' था। सम्मेलन के दूसरे दिन के पहले सत्र में विशेष व्याख्यान का आयोजन हुआ, जिसकी मुख्य अतिथि सोशल साइंस की डीन प्रो. अर्चना कुमारी थीं। अतिथियों का स्वागत विभागाध्यक्ष सह संयोजक प्रो. लक्ष्मी पाण्डेय ने किया।

मुख्य वक्ता त्रिभुवन विश्वविद्यालय, नेपाल के डॉ. नरेंद्र सिंह थगुना ने 'आत्महत्या रोकथाम में भारतीय ज्ञान परंपरा का एकीकरण' विषय पर पीपीटी के माध्यम से विस्तृत विचार रखे। उन्होंने चिंता जताई कि वैश्विक स्तर पर हर साल 7.2 लाख से अधिक आत्महत्याएं हो रही हैं। दक्षिण एशिया में इसके लिए सांस्कृतिक मॉडल की आवश्यकता है, क्योंकि स्थानीय विश्वास प्रणालियों के बिना उपचार में कम भागीदारी और सामाजिक कलंक बना रहता है।

उन्होंने कहा कि दिनचर्या और ध्यान से इसे नियंत्रित किया जा सकता है। 'वसुधैव कुटुंबकम' और जनजातीय ज्ञान परंपराएं सामुदायिक एकजुटता को मजबूत करती हैं। रांची से आईं डॉ. मसरूर जहां ने सकारात्मक मानसिक स्वास्थ्य पर जोर देते हुए कहा कि नशे से दूर रहें, अकेले न रहें और मन की बात परिवार या दोस्तों से साझा करें। उन्होंने कॉलेज स्तर पर नियमित जागरूकता और छात्रों की मुफ्त मानसिक स्वास्थ्य जांच की वकालत की। कटिहार मेडिकल कॉलेज की डॉ. ऋचा ने बच्चों में कार्टून और मोबाइल की बढ़ती लत पर चिंता जताई।

उन्होंने कहा कि स्क्रीन टाइम सीमित करना जरूरी है क्योंकि मशीनें इंसान को भावनाएं नहीं दे सकतीं। मूल्यांकन सत्र की अध्यक्षता करते हुए डीन प्रो. अर्चना कुमारी ने कहा कि भौतिकवादी और उपभोक्तावादी युग में लोग अपनी संस्कृति को भूलते जा रहे हैं, जिससे नैतिक मूल्यों का क्षरण हो रहा है। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास समिति, नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रो. अरुण कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा के आदर्शों को जीवन में उतारने और कथनी-करनी के भेद को मिटाने की जरूरत है, तभी हम सर्वोत्तम राष्ट्र बन सकेंगे। इसके पूर्व आयोजित 15वें तकनीकी सत्र की अध्यक्षता एसएम कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर सह टीएमबीयू पीआरओ डॉ. दीपक कुमार दिनकर ने की, जबकि टीपी कॉलेज के डॉ. राकेश कुमार रैपोटियर रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784915 Articles

Share this story