अपराध की योजना बनाते दो बदमाश हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
अपराध की योजना बनाते दो बदमाश हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार


अपराध की योजना बनाते दो बदमाश हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार


भागलपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर अवैध शराब, आर्म्स और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत तातारपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।

पुलिस ने सराय चौक के पास से किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे दो शातिर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में एसडीपीओ सिटी वन ने इस पूरे मामले का खुलासा किया।

एसडीपीओ सिटी वन ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तातारपुर थाना क्षेत्र के सराय चौक पर कुछ अपराधी अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से घूम रहे हैं।

सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

इस टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-01 और तातारपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार कर रहे थे। गठित टीम ने तत्काल सराय चौक पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध अवस्था में घूम रहे दो युवकों को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन कुमार उर्फ अमर यादव (पिता: राजेश यादव) और नितिश कुमार (पिता: भोला प्रसाद यादव) के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी नाथनगर थाना क्षेत्र के अनाथालय रोड के रहने वाले हैं।

पुलिस ने जब दोनों आरोपियों की तलाशी ली, तो उनके पास से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ। पुलिस ने इनके पास एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन विधिवत जब्त किए हैं।

तातारपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे किस गंभीर घटना को अंजाम देने वाले थे और उनके गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं। छापेमारी टीम में तातारपुर थानाध्यक्ष विनोद कुमार, पुअनि मंजीत कुमार, सिपाही विंधाचल पासवान, बादल कुमार झा और तातारपुर थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story