आठ घंटे में लूटकांड का खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
आठ घंटे में लूटकांड का खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार


भागलपुर, 03 जून (हि.स.)। जिले के सबौर थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से लूटी गई चांदी की चेन बरामद कर ली गई है, जबकि घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। उक्त आशय की जानकारी बुधवार को सिटी एसपी शलेंद्र सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।

सिटी एसपी ने बताया कि 2 जून को सबौर थाना में सूचना प्राप्त हुई थी कि नाथनगर से हबीबपुर जा रहे एक व्यक्ति को राजपुर बहियार के समीप तीन बाइक सवार अपराधियों ने घेर लिया और उससे चांदी की चेन, मोबाइल फोन तथा नकदी लूटकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान की। इसके बाद विशेष छापेमारी अभियान चलाकर घटना में शामिल तीन अपराधियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान अमन कुमार और विनोद पासवान के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अमन कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर लूटी गई चांदी की चेन बरामद कर ली है तथा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। पुलिस अब फरार तीसरे अपराधी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

उन्होंने बताया कि सबौर थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना के बाद पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया था। टीम का नेतृत्व एसडीपीओ लॉ एंड ऑर्डर को सौंपा गया था। उन्होंने कहा कि सबौर थाना पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बेहद कम समय में अपराधियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। आठ घंटे के भीतर दो अपराधियों की गिरफ्तारी, लूटी गई चेन की बरामदगी और घटना में प्रयुक्त बाइक की जब्ती पुलिस की त्वरित कार्रवाई का परिणाम है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story