बिहार में नवादा के आहर में डूबने से दो मासूमों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
बिहार में नवादा के आहर में डूबने से दो मासूमों की मौत


नवादा, 13 नवंबर (हि.स.)।नवादा जिले के सिरदला प्रखंड क्षेत्र की राजन पंचायत स्थित फतेहपुर गांव में शुक्रवार को आहर में डूबने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान गांव के अनिल राउत के 8 वर्षीय पुत्र अंश कुमार और नित्या पांडेय के 12 वर्षीय पुत्र शिवम पांडेय के रूप में हुई है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, गांव के तीन बच्चे फतेहपुर अहरी में नहाने गए थे। इसी दौरान एक बच्चा साबुन और शैंपू लाने के लिए चला गया। उसके जाने के बाद अंश और शिवम आहर में ही नहाने लगे। इसी बीच दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

बताया जाता है कि गांव के बिनोद सिंह और मुसाफिर सिंह अपने खेत में लगी धान की फसल देखने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर आहर के पास जुटी बच्चों और ग्रामीणों की भीड़ पर पड़ी। अनहोनी की आशंका को देखते हुए दोनों तत्काल आहर की ओर दौड़े और बिना समय गंवाए पानी में उतरकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें लेकर नवादा सदर अस्पताल पहुंचे।

अस्पताल में चिकित्सक डॉ. संतोष कुमार ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शवों को लेकर गांव लौट आए। गांव में ही दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। कम उम्र में दो बच्चों की मौत से गांव के लोग गमगीन हैं।

इस संबंध में सिरदला थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776518 Articles

Share this story