सीवान सदर में धावा दल की छापेमारी, दो बाल श्रमिक मुक्त

WhatsApp Channel Join Now
सीवान सदर में धावा दल की छापेमारी, दो बाल श्रमिक मुक्त


सीवान, 20 अगस्त (हि.स.)। बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को सीवान सदर प्रखंड क्षेत्र में धावा दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर दो बाल श्रमिकों को मुक्त कराया।

कार्रवाई श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन के निर्देश पर गठित धावा दल ने की। धावा दल ने सीवान सदर क्षेत्र स्थित विभिन्न दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान दो बाल श्रमिकों के काम करने की जानकारी मिलने पर उन्हें तत्काल विमुक्त कराया गया।

कार्रवाई में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सीवान सदर, मानव तस्करी रोधी इकाई (एएचटीयू), स्थानीय थाना पुलिस तथा स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान, सीवान के प्रतिनिधियों ने सहयोग किया। मुक्त कराए गए दोनों बच्चों को आगे की आवश्यक कानूनी एवं पुनर्वास संबंधी कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर उसके सुपुर्द कर दिया गया। वहीं बाल श्रमिकों को नियोजित करने वाले प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

अभियान में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सुधांशु रंजन पांडेय, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सीवान सदर, प्रोग्राम मैनेजर भोला श्रीवास्तव, सीएसए स्वीटी कुमारी सिंह, सीएसडब्ल्यू धीरज सिंह के साथ एएचटीयू के पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि बच्चों को बाल श्रम से मुक्त कराने और उन्हें शिक्षा एवं सुरक्षित बचपन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story