बगहा में दो बाल श्रमिकों को कराया गया मुक्त

WhatsApp Channel Join Now
बगहा में दो बाल श्रमिकों को कराया गया मुक्त


पश्चिम चम्पारण (बगहा), 12जुलाई(हि.स.)। ऑपरेशन नया सवेरा के तहत बाल श्रम के विरुद्ध श्रम प्रवर्तन विभाग, पुलिस एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने रविवार को संयुक्त कार्रवाई में दो बाल श्रमिक एम.एन मीट हाउस, स्टेशन चौक, बगहा से बरामद किया है। उक्त आशय की जानकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बगहा ने दी।

जारी किए गये प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मानव व्यापार, बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी, रेड लाइट एरिया एवं ऑर्केस्ट्रा ग्रुप से पीड़ित व्यक्तियों की मुक्ति, पुनर्वास तथा मानव तस्करों की गिरफ्तारी के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पुलिस जिला बगहा में ऑपरेशन नया सवेरा-3.0 चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में श्रम प्रवर्तन विभाग, पुलिस एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम द्वारा एम.एन मीट हाउस, स्टेशन चौक, बगहा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में 14 वर्ष से कम आयु के दो बाल श्रमिकों से कार्य कराए जाने का मामला प्रकाश में आया।कार्रवाई के दौरान दोनों बाल श्रमिकों को तत्काल कार्यस्थल से मुक्त कराकर विधि अनुसार बाल कल्याण समिति, पश्चिम चंपारण, बेतिया के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी द्वारा उपलब्ध कराई गई लिखित शिकायत के आधार पर संबंधित नियोजक के विरुद्ध बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 (संशोधित 2016) की सुसंगत धाराओं के तहत पटखौली थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।

बगहा पुलिस अधीक्षक के अनुसार पुलिस जिला बगहा द्वारा बाल श्रम, मानव तस्करी एवं बाल अधिकारों के उल्लंघन से संबंधित मामलों के विरुद्ध पुलिस जिला बगहा द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जायेगी तथा आमजन से अपील की जाती है कि बाल श्रम अथवा मानव तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस नियंत्रण कक्ष, बगहा एवं नजदीकी थाना को को जानकारी दें।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

Share this story