युवती व नाबालिग के लापता होने के दो मामले दर्ज, पुलिस तलाश में जुटी

WhatsApp Channel Join Now
युवती व नाबालिग के लापता होने के दो मामले दर्ज, पुलिस तलाश में जुटी


किशनगंज, 04 अगस्त (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र से एक युवती और एक नाबालिग लड़की के लापता होने के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में परिजनों के आवेदन पर सोमवार को सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पहले मामले में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती शौच के लिए घर से निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन के बावजूद युवती का कोई सुराग नहीं मिलने पर सदर थाना में उसके लापता होने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

दूसरे मामले में सदर थाना क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला दर्ज किया गया है। मंगलवार को नाबालिग के पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि सोमवार शाम उनकी पुत्री घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। खोजबीन के दौरान परिजन को जानकारी मिली कि राजस्थान का एक युवक मोबाइल फोन के माध्यम से नाबालिग के संपर्क में था।

परिजन ने आशंका जताई है कि उक्त युवक बहला-फुसलाकर उनकी पुत्री को अपने साथ ले गया है। उन्होंने बच्ची की सुरक्षा को लेकर भी चिंता व्यक्त की है। सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि दोनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच करते हुए लापता युवती और नाबालिग लड़की की तलाश में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story