(अपडेट)किशनगंज में मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में दो अभ्यर्थी हिरासत
किशनगंज, 17 जून (हि.स.)। मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान किशनगंज में दो अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया गया है।
दोनों पर एक ही भर्ती परीक्षा को दूसरी बार देने का आरोप है। मामले का खुलासा परीक्षा केंद्रों पर दस्तावेज एवं पहचान सत्यापन के दौरान हुआ।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को सूचना मिली थी कि दो अभ्यर्थी परीक्षा के दूसरे चरण में भी शामिल हो रहे हैं, जबकि वे पहले चरण की परीक्षा भी दे चुके हैं। सूचना के बाद पुलिस ने संबंधित परीक्षा केंद्रों पर जांच शुरू की। जांच के दौरान किशनगंज गर्ल्स हाई स्कूल परीक्षा केंद्र से समस्तीपुर निवासी सुजीत कुमार तथा जगन्नाथ मध्य विद्यालय परीक्षा केंद्र से मुंगेर जिले के बिशनपुरा निवासी सुमन कुमार को हिरासत में लिया गया।
दोनों की पहचान और गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें पूछताछ के लिए सदर थाना लाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार स्वयं परीक्षा केंद्र पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। वहीं एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज भी सदर थाना पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि दोनों अभ्यर्थियों के संबंध में सूचना मिली थी कि उन्होंने भर्ती परीक्षा के पहले चरण में भी भाग लिया था। सत्यापन के दौरान यह पाया गया कि सुजीत कुमार ने मोतिहारी तथा सुमन कुमार ने अररिया केंद्र पर पूर्व चरण की परीक्षा दी थी। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया है कि वे परीक्षा दोबारा देना चाहते थे। एसपी ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

