रिविलगंज में चोरी की बाइक व अवैध हथियार के साथ दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
रिविलगंज में चोरी की बाइक व अवैध हथियार के साथ दो गिरफ्तार


रिविलगंज में चोरी की बाइक व अवैध हथियार के साथ दो गिरफ्तार


सारण, 11 जून (हि.स.)। रिविलगंज थाना द्वारा चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के तहत पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

रिविलगंज पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नबीगंज बिनटोली ग्राम के गणेश महतो और मिथुन कुमार अपने घर पर चोरी की बाइक छिपाकर रखे हैं और उसे कहीं बेचने की फिराक में हैं।

सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों को बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। वैध कागजात न मिलने पर कड़ाई से पूछताछ में बाइक चोरी की होने की पुष्टि हुई।

गिरफ्तार अभियुक्त गणेश महतो के मोबाइल की जांच करने पर पुलिस को उसमें अवैध हथियारों और कारतूसों से जुड़े कई वीडियो मिले। पूछताछ में गणेश ने कबूला कि वे लोग अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करते हैं और दियरा क्षेत्र में अपने शराब कारोबार को सुरक्षा देने के लिए इन हथियारों का इस्तेमाल करते हैं।

उसने यह भी खुलासा किया कि बीते 8 जून को जानटोला दियारा में पुलिस कार्रवाई को रोकने और शराब धंधेबाजों को बचाने के लिए उसके सहयोगियों ने पुलिस बल पर फायरिंग की थी।

इसके बाद पुलिस ने गणेश महतो की निशानदेही पर जानटोला दियारा में छापेमारी कर मिट्टी में छिपाकर रखा गया एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किया। इस मामले में रिविलगंज थाना कांड संख्या 335/26 दर्ज कर अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story