1734 ग्राम स्मैक के साथ दो गिरफ्तार,जब्त स्मैक की कीमत तीन करोड़ रूपये

WhatsApp Channel Join Now
1734 ग्राम स्मैक के साथ दो गिरफ्तार,जब्त स्मैक की कीमत तीन करोड़ रूपये


अररिया 26 अक्टूबर(हि.स.)। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अररिया जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब तीन करोड़ रुपये मूल्य के स्मैक के साथ दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार कारोबारियों के पास से 1734 ग्राम स्मैक और एक आईफोन भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों में आरएस थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या सात निवासी 29 वर्षीय इफ्तेखार उर्फ टीपू और अररिया नगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 निवासी 26 वर्षीय मिन्हाज रशीद उर्फ हर्ष शामिल है।

सोमवार शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि 26 अक्टूबर की रात आरएस थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इफ्तेखार उर्फ टीपू अपने सहयोगियों की मदद से मादक पदार्थ स्मैक की खरीद-बिक्री का कारोबार कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद उनके नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपित के घर पर छापेमारी की गई। इस दौरान एक जीपर वजन 102 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल बरामद हुआ।

गिरफ्तार इफ्तेखार उर्फ टीपू से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर अररिया नगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 स्थित किराये के मकान में छापेमारी की गई। वहां से मिन्हाज रशीद उर्फ हर्ष को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपितों के पास से कुल 1734 ग्राम स्मैक बरामद की है।बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है।

एसडीपीओ ने बताया कि इस मामले में आरएस थाना 26 अक्टूबर काे प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक कहां से लाई जा रही थी और इसकी आपूर्ति किन-किन लोगों तक की जा रही थी। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार इफ्तेखार उर्फ टीपू के खिलाफ आरएस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले भी दो मामले दर्ज हैं, जबकि मिन्हाज रशीद उर्फ हर्ष के खिलाफ अररिया नगर थाना में पूर्व से एक मामला दर्ज है। वहीं आजादनगर में छापेमारी के दौरान बुआरीबाद का रहने वाला मो.रिजवान पुलिसिया कार्रवाई के दौरान मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767272 Articles

Share this story