कोचिंग जा रही छात्रा से मोबाइल छीनने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कोचिंग जा रही छात्रा से मोबाइल छीनने वाले दो आरोपी गिरफ्तार


किशनगंज, 08 जुलाई (हि.स.)। किशनगंज पुलिस ने मोबाइल छिनतई की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने उनके पास से छिनतई किया गया मोबाइल, एक एटीएम कार्ड तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। जानकारी के अनुसार, 7 जुलाई को ढेकसारा निवासी रामू पासवान ने किशनगंज थाना में आवेदन देकर बताया था कि उनकी पुत्री शाम करीब चार बजे मोबाइल पर बात करते हुए कोचिंग जा रही थी। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उसका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए।

मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 747/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने चुड़ीपट्टी कागजिया बस्ती निवासी 20 वर्षीय मोहम्मद समीर उर्फ मोहम्मद सनीर तथा 19 वर्षीय सगीर अंसारी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर छिनतई किया गया मोबाइल, एक एटीएम कार्ड और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद समीर उर्फ सनीर के विरुद्ध किशनगंज थाना में पूर्व से भी एक आपराधिक मामला दर्ज है, जिससे उसके आपराधिक गतिविधियों में पहले से शामिल रहने की पुष्टि होती है। इस कार्रवाई का नेतृत्व किशनगंज थानाध्यक्ष पुलिस निरीक्षक मुकेश कुमार ने किया।

छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक रवि शंकर कुमार, सतीश तिवारी, विक्रम कुमार, धीरज कुमार, नेहा कुमारी, जिला आसूचना इकाई की टीम तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

बुधवार को पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story