पूर्व मुखिया पर जानलेवा हमले का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार
भागलपुर, 16 नवंबर (हि.स.)।
जिले के कदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरपुर कदवा पंचायत के पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह (55) पर हुए जानलेवा हमले का नवगछिया पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि की है।
उल्लेखनीय है कि घटना बीते शनिवार, 14 नवंबर की शाम करीब पांच बजे की है। पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह गांव के ही सेवानिवृत्त नेवीकर्मी वकील प्रसाद मधुकर के घर से छठ महापर्व के खरना का प्रसाद ग्रहण कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पकड़वासा और कासिमपुर गांव के बीच बालू घाट के समीप पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में अजय सिंह को कुल चार गोलियां लगीं।
गंभीर रूप से घायल पूर्व मुखिया को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर किया गया है। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर दौड़े ग्रामीणों ने भाग रहे हमलावरों का पीछा किया और बगीचे के रास्ते एक घर में छिपे दो युवकों को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सहायक पुलिस अधीक्षक नवगछिया और कदवा थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। घायल पूर्व मुखिया की पत्नी के लिखित आवेदन पर कदवा थाने में कांड संख्या 132/26 दर्ज किया गया। मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कदवा थाना क्षेत्र के पचगछिया टोला निवासी स्व. सीतो सिंह के पुत्र मोहन कुमार और स्व. खोखा सिंह के पुत्र सौरभ कुमार के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में मोहन कुमार ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि वर्ष 2021 में उसके चाचा खोखा सिंह और अक्टूबर 2026 में उसके चचेरे भाई ज्योतिष कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इन दोनों हत्याओं में पूर्व मुखिया अजय सिंह और नागो सिंह की संलिप्तता होने की आशंका के चलते उसने परिजनों के साथ मिलकर इस जानलेवा हमले की साजिश रची थी।फिलहाल पुलिस दोनों आरोपितों से गहन पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

