ईशाकचक पुलिस ने किया हत्या का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार, मिट्टी में दबा शव और हथियार बरामद

WhatsApp Channel Join Now
ईशाकचक पुलिस ने किया हत्या का खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार, मिट्टी में दबा शव और हथियार बरामद


भागलपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। भागलपुर के सिटी एसपी अतुलेश झा ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर ईशाकचक थाना क्षेत्र में हुए एक मर्डर केस का सफल उद्भेदन किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से हत्या और शव को छिपाने में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं।

यह पूरी कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और सिटी एसपी की निगरानी में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। मामले की शुरुआत 22 सितंबर 2026 को हुई, जब ईशाकचक पुलिस को सूचना मिली कि विक्रमशीला कॉलोनी (ग्राम-बरहपुरा जगरनाथबली) के पास एक नई मिट्टी भरी जगह से तेज दुर्गंध आ रही है। स्थानीय लोगों ने वहां किसी शव के दबे होने की आशंका जताई। सूचना मिलते ही ईशाकचक थानाध्यक्ष सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे और खुदाई करवाई, जहां से एक सड़ चुका शव बरामद हुआ। एफ एस एल की टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। शुरुआत में शव की पहचान न होने के कारण उसे मायागंज अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया और 23 सितंबर को अज्ञात के खिलाफ कांड संख्या-209/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। सिटी एसपी अतुलेश झा के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-01 और ईशाकचक थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, वैज्ञानिक/तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचनाओं के आधार पर संदेह के घेरे में आए दो युवकों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में मो० सलमान उर्फ फेकू (पिता- मो० समशाद) और मो० सारिक उर्फ मोनू (पिता- मो० डब्लू) शामिल है। हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर मृतक की पहचान मो० सलमान (पिता- मो० कटना, निवासी- इस्लामनगर, ईशाकचक, भागलपुर) के रूप में हुई। पूछताछ में यह बात सामने आई कि पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के कारण 19 सितंबर 2026 को ही मो० सलमान की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव को सुनसान जगह पर मिट्टी में दफन कर दिया था। पुलिस दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजने की तैयारी कर रही है। सिटी एसपी ने बताया कि मामले के अन्य सभी पहलुओं पर भी गहन अनुसंधान जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story