मोबाइल लोकेशन से दो अपहृत महिलाएं सकुशल बरामद, मुख्य आरोपित की तलाश में छापेमारी

WhatsApp Channel Join Now
मोबाइल लोकेशन से दो अपहृत महिलाएं सकुशल बरामद, मुख्य आरोपित की तलाश में छापेमारी


किशनगंज, 29 जुलाई (हि.स.)। ठाकुरगंज पुलिस ने अपहरण के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल लोकेशन के आधार पर दोनों महिलाओं का पता लगाया। वहीं, मामले के मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

ठाकुरगंज थाना में 22 जुलाई को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में धुलाबाड़ी निवासी जेहरून खातून एवं निखत प्रवीण के अपहरण का आरोप लगाया गया था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं के मोबाइल की लोकेशन खंगालनी शुरू की। तकनीकी जांच के दौरान उनकी लोकेशन अन्यत्र मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी। पुलिस के बढ़ते दबाव के कारण अपहरणकर्ता दोनों महिलाओं को एक बस पड़ाव के समीप छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को सुरक्षित बरामद कर लिया।

पुलिस ने दोनों महिलाओं को अपने संरक्षण में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। नियमानुसार उनका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा तथा न्यायालय में उनके बयान दर्ज कराए जाएंगे।पुलिस का मानना है कि न्यायालय में दर्ज होने वाले बयानों के बाद मामले के सभी तथ्यों से पर्दा उठ सकेगा।

बुधवार को थानाध्यक्ष अंजय अमन ने बताया कि मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story