राघोपुर में तेज रफ्तार का कहर: बालू लदा 18 चक्का ट्रक पलटा, चालक मौके से फरार

WhatsApp Channel Join Now
राघोपुर में तेज रफ्तार का कहर: बालू लदा 18 चक्का ट्रक पलटा, चालक मौके से फरार


राघोपुर में तेज रफ्तार का कहर: बालू लदा 18 चक्का ट्रक पलटा, चालक मौके से फरार


सुपौल, 02 मई (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेरदह गांव में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नरहा-बेरदह रोड पर बालू से लदा 18 चक्का ट्रक (बीआर 06 जीएच 6609) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रक सिमराही बाजार से बेरदह गांव की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और वाहन सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे में चालक को हल्की चोटें आईं, लेकिन घटना के तुरंत बाद वह और उसके साथ मौजूद अन्य लोग मौके से फरार हो गए।

दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आवागमन भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी अमित कुमार राय ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। ट्रक मालिक और फरार चालक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story