11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आने से ट्रक चालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
11 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आने से ट्रक चालक की मौत


किशनगंज, 22 जुलाई (हि.स.)। बहादुरगंज थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर करंट लगने से एक ट्रक चालक की मौत हो गई। हादसा एनएच-327ई स्थित समेश्वर के बुढ़िया चौक के समीप उस समय हुआ, जब चालक ट्रक पर चढ़कर मक्का को बारिश से बचाने के लिए तिरपाल ढक रहा था। 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक गलगलिया थाना क्षेत्र के शिकारी बस्ती भातगांव निवासी उस्मान अंसारी के 31 वर्षीय पुत्र आलम अंसारी है। वह ट्रक लेकर सड़क किनारे स्थित एक मक्का गोदाम पर माल लोड कराने पहुंचे थे। मक्का लोड होने के बाद अचानक बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान वह ट्रक के ऊपर चढ़कर प्लास्टिक (तिरपाल) से मक्का को ढकने लगे। तभी ट्रक के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।

ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई, जिससे कोई अन्य हादसा न हो। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे गुजर रहे बिजली के तारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताते हुए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story