त्रिवेणीगंज में दो बाइकों की सीधी टक्कर, दोनों चालक गंभीर रूप से घायल

WhatsApp Channel Join Now
त्रिवेणीगंज में दो बाइकों की सीधी टक्कर, दोनों चालक गंभीर रूप से घायल


सुपौल, 29 मई (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पीलवाहा पंचायत के लक्ष्मीनिया गांव के समीप गुरुवार देर शाम सड़क हादसे में दो बाइक चालकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने पर जदिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. उमेश कुमार ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

घायलों की पहचान जदिया थाना क्षेत्र के बघेली वार्ड संख्या-14 निवासी मोहम्मद असरूल के 22 वर्षीय पुत्र मोहम्मद सरफराज और परसागढ़ी वार्ड संख्या-6 निवासी जोहन राय के 30 वर्षीय पुत्र मंजेश कुमार के रूप में हुई है।

परिजनों के मुताबिक मंजेश कुमार किसी जरूरी काम से त्रिवेणीगंज जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से जख्मी हो गए।घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। इधर, जदिया थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story