अस्पताल का सिविल सर्जन ने किया निरीक्षण, ओपीडी-इमरजेंसी अलग करने का निर्देश
सुपौल, 19 मार्च (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज अनुमंडल अस्पताल का सिविल सर्जन द्वारा निरीक्षण किया गया, जिसमें अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान ओपीडी (आउटडोर) और इमरजेंसी सेवाओं की कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान दिया गया।
जांच के दौरान यह पाया गया कि ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं एक ही स्थान से संचालित हो रही हैं, जिससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर सिविल सर्जन ने तत्काल दोनों सेवाओं को अलग-अलग संचालित करने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों को बेहतर और व्यवस्थित इलाज मिल सके।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई व्यवस्थागत खामियां भी उजागर हुईं। साफ-सफाई की कमी, मरीजों की सुविधाओं में लापरवाही और समुचित व्यवस्था का अभाव देखने को मिला, जिस पर सिविल सर्जन ने नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को सभी कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
सिविल सर्जन ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने उपस्थित कर्मियों को समय पर ड्यूटी करने, मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार बनाए रखने और सेवाओं में सुधार लाने की सख्त हिदायत दी।
साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अस्पतालों की व्यवस्था में सुधार के लिए इस प्रकार के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

