त्रिवेणीगंज में भव्य निशान यात्रा से गूंजा नगर, श्याम भक्तों में उमड़ा उत्साह

WhatsApp Channel Join Now
त्रिवेणीगंज में भव्य निशान यात्रा से गूंजा नगर, श्याम भक्तों में उमड़ा उत्साह


सुपौल, 27 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र में शुक्रवार को श्री श्याम सेवा समिति ट्रस्ट के तत्वावधान में श्री श्याम बाबा फाल्गुन महोत्सव 2026 को लेकर भव्य निशान यात्रा निकाली गई। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

निशान यात्रा से पूर्व महर्षि मेंही मोहल्ला स्थित खाटू श्याम मंदिर में ध्वज पूजन किया गया। इसके बाद सुसज्जित घोड़े यात्रा की अगुवाई करते हुए निकले, जबकि फूलों से सजे रथ पर श्याम बाबा की आकर्षक तस्वीर विराजमान थी। रथ के पीछे मारवाड़ी समाज की युवतियां, महिलाएं, बच्चे एवं बुजुर्ग नाचते-गाते “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारे” और “नीला घोड़ा लाल लगाम” जैसे जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे।

बैंड-बाजे और रंग-बिरंगी छतरियों से सजी यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पीले वस्त्र धारण कर निशान ध्वज लिए शामिल हुए। पूरा बाजार क्षेत्र श्याम भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा खाटू श्याम मंदिर से निकलकर राधेश्याम केजरीवाल जनता रोड, ब्लॉक चौक, मंगल बाजार बाबा मंदिर, दुर्गा मंदिर चौक, मेला ग्राउंड सड़क, युगल चौक, आदर्श मोहल्ला, पंचवटी चौक आदि मार्गों का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची।

यात्रा के दौरान गुलाल एवं रंगों की बारिश ने उत्सव का माहौल और भी उल्लासपूर्ण बना दिया। खास बात यह रही कि श्याम महोत्सव में भाग लेने अन्य शहरों से भी मारवाड़ी समाज के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे थे।

आयोजन कमेटी के प्रहलाद शर्मा, वार्ड पार्षद सज्जन कुमार संत, कैलाश अग्रवाल, अनिल सिंघल, गोपाल केजरीवाल, सुरेश अग्रवाल, दीपक चौखनी, पंकज शाह, रमेश केजरीवाल, दिलीप अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, रिंकू पंसारी, दीपक अग्रवाल, रिंकू अग्रवाल, बबलू, सोनू चौखनी, संजय अग्रवाल सहित महिला सदस्यों नारायणी मंडल, श्याम फुलवारी, प्रेरणा शाखा मारवाड़ी युवा मंच से जुड़ी मधु सिंघल, इंदु अग्रवाल, श्वेता गोयल, राखी अग्रवाल, रेखा अग्रवाल, पूनम अग्रवाल, शिखा देवता, ममता अग्रवाल, अंशु चौखनी, सरोज अग्रवाल, बाबी शर्मा, बबिता, ममता केजरीवाल, इंदु गौड़ आदि ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

ट्रस्ट से जुड़े अनिल सिंघल, सज्जन कुमार संत एवं कैलाश अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार को श्रृंगार, आरती-पूजन और प्रसाद भंडारा का भव्य आयोजन किया गया। संध्या में ज्योति जागरण एवं भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ। वहीं शनिवार को बारश की धोक, बाबा संग रंग भरी होली, छप्पन भोग एवं सवामणि भोग का आयोजन किया जाएगा।

निशान यात्रा ने पूरे त्रिवेणीगंज में आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्सव का अद्भुत वातावरण बना दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story