बिहार में ट्रिपल इंजन की सरकार, विकास की रफ्तार से घबराया विपक्षः प्रेम रंजन पटेल

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 23 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि बिहार में “ट्रिपल इंजन सरकार” पूरी ताकत के साथ विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हो चुकी है।

सरकार का नेतृत्व युवा, ऊर्जावान और निर्णायक मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कर रहे हैं, जिन्हें अनुभव और मार्गदर्शन का सशक्त सहयोग मिल रहा है, पूर्व मुख्यमंत्री और अनुभवी नेता नीतीश कुमार का। साथ हीं, केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बिहार के विकास को निरंतर योजना और राशि से गति दे रही है।

पहले जहां “डबल इंजन सरकार” को केंद्र की योजनाओं और संसाधनों का लाभ बिहार को मिल रहा था, वहीं राज्य स्तर पर उसके प्रभावी क्रियान्वयन से विकास की मजबूत नींव रखी गई। अब “ट्रिपल इंजन” की ताकत के साथ बिहार का विकास और तेज, प्रभावी और व्यापक बनेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की नेतृत्व क्षमता, नीतीश कुमार के प्रशासनिक अनुभव और केंद्र सरकार के पूर्ण सहयोग का संगम बिहार को विकास को नए शिखर तक ले जाएगा। यह “ट्रिपल इंजन सरकार” न केवल अधूरे कार्यों को पूरा करेगी, बल्कि विकास के नए आयाम स्थापित करते हुए बिहार को आत्मनिर्भर, समृद्ध और अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम भी उठाएगी।

सरकार सिर्फ योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हर योजना को जमीन पर उतारने की पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम को आगे बढ़ायेगी। बुनियादी ढांचे के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सृजन, कृषि सशक्तिकरण और औद्योगिक निवेश जैसे सभी क्षेत्रों में तेज गति से आने वाले समय में काम होगा।

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने जिस विश्वास के साथ विगत चुनाव में सरकार को समर्थन दिया है, उस विश्वास को मजबूत परिणामों में बदलना ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आने वाले समय में बिहार विकास, सुशासन और समृद्धि का मॉडल बने सरकार का संकल्प है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story