हर घर तिरंगा अभियान में गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश, सदर प्रखंड में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
हर घर तिरंगा अभियान में गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश, सदर प्रखंड में निकली भव्य तिरंगा यात्रा


बक्सर, 12 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को सदर प्रखंड में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ जीविका दीदियों एवं स्वयंसेविकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा यात्रा में उप विकास आयुक्त बक्सर निहारिका छवि, अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ आम लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और स्वतंत्रता दिवस को गौरव एवं उत्साह के साथ मनाने का संदेश दिया।

यात्रा के दौरान जीविका दीदियों और स्वयंसेविकाओं ने लोगों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। पदाधिकारियों ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता और नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का माध्यम है।

तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह एवं सम्मान के साथ मनाने की अपील की गई। यात्रा के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय ध्वज की शान से सराबोर नजर आया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story