शहीद जवान एएमसी नीरज कुमार को दी गई श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
शहीद जवान एएमसी नीरज कुमार को दी गई श्रद्धांजलि


भागलपुर, 22 मार्च (हि.स.)। जिले के सबौर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव के वीर शहीद जवान एएमसी नीरज कुमार का पार्थिव शरीर रविवार को गांव पहुंचा। जहां उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

उल्लेखनीय है कि एएमसी नीरज कुमार भोपाल के आर्मी अस्पताल में भर्ती थे। जहां ऑपरेशन के बाद उनकी हालत नाजुक हो गई और वे शहीद हो गए।

रविवार सुबह वीर जवान का पार्थिव शरीर सबौर स्थित मिर्जापुर गांव लाया गया। जैसे ही शहीद जवान का पार्थिव शरीर उनके आवास पहुंचा पूरा माहौल गमगीन हो गया। इस दौरान जवान के पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पत्नी नीशा भारती, बेटा गोलू और बेटी नेहा शहीद जवान के पार्थिव शरीर से लिपट कर फूट-फूट कर रोने लगे। मां की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहा था।

मौके पर मौजूद कर्नल योगेन्द्र ने बताया कि ड्यूटी के दौरान नीरज कुमार एक जगह से दूसरी जगह जा रहे थे, तभी रास्ते में उनका ऐक्सिडेंट हो गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। कर्नल ने उनके योगदान की सरहाना करते हुए कहा कि भागलपुर के इस लाल ने अपने कार्यकाल में अच्छा प्रदर्शन किया था। इसलिए उसे शहीद जवान की श्रेणी प्राप्त हुई। जवान के पार्थिव शरीर का सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया गया।

शहीद जवान के पार्थिव शरीर के एक झलक पाने के लिए सैकड़ों महिला-पुरुष की हूजूम उमड़ पड़ा। सभी लोगों की आंखें नम थी। मौके पर शहीद जवान के परिजनों समेत बटालियन कर्नल के साथ-साथ सबौर और औद्योगिक प्रक्षेत्र थाना पुलिस और नाथनगर विधायक मिथुन कुमार यादव ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story