इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और सरदार पटेल की जयंती पर कांग्रेस कार्यालय में दी गई श्रद्धांजलि
भागलपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री दिवंगत इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि और पूर्व गृहमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती शनिवार को भागलपुर के पूर्व विधायक अजीत शर्मा के निवास स्थित कांग्रेस कैम्प कार्यालय में समारोह पूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा दोनों महान विभूतियों के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर बिहार प्रदेश कांग्रेस के प्रतिनिधि डॉ० अभय आनन्द ने दोनों नेताओं के ऐतिहासिक कार्यों को याद किया। उन्होंने कहा कि देश इन दोनों विभूतियों के अमूल्य योगदान का हमेशा ऋणी रहेगा। सरदार पटेल ने आजादी के बाद सैकड़ों देशी रियासतों का भारतीय संघ में विलय कराकर देश को एकता के सूत्र में पिरोया, वहीं इंदिरा गांधी ने जमींदारी प्रथा समाप्त कर समतामूलक समाज की नींव रखी।
डॉ० आनन्द ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इंदिरा जी ने बैंकों और खनिजों का राष्ट्रीयकरण कर उन्हें पूंजीपतियों से मुक्त कराया था, जिसे मौजूदा सरकार वापस पूंजीपतियों के हाथों में सौंपकर देश को दिवालियापन की कगार पर ला रही है। उन्होंने इंदिरा जी द्वारा पाकिस्तान का विभाजन कर दुनिया के नक्शे पर बांग्लादेश का निर्माण कराने के साहसिक फैसले को भी याद किया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि इन महापुरुषों का जीवन हमें मौजूदा सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा देता है, जिसका नेतृत्व राष्ट्रीय स्तर पर हमारे नेता राहुल गांधी निरंतर कर रहे हैं। इस गरिमामयी कार्यक्रम में कांग्रेस नेता सोइन अंसारी, प्रदेश महासचिव ई रवि कुमार, अरविन्द झा, जावेद सालेह अंसारी, आरती सिंह, ज्योति देवी, शिवशंकर सिन्हा, खुसबू देवी सहित दर्जनों वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

