कार्यपालक पदाधिकारी को दी गई श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
कार्यपालक पदाधिकारी को दी गई श्रद्धांजलि


भागलपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में शोक है। अपराधियों ने नगर परिषद कार्यालय में घुसकर कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण प्रसाद और नगर परिषद अध्यक्ष राजकुमार गुड्डू को गोली मार दी थी। इस हमले में गंभीर रूप से घायल कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण प्रसाद की इलाज के दौरान मौत हो गई।

इस दुखद घटना के बाद भागलपुर के समीक्षा भवन सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में शोक सभा आयोजित की गई। शोक सभा में जिले के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे और दिवंगत अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि कृष्ण भूषण प्रसाद बेहद शांत, सरल और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी थे। वे पिछले एक वर्ष से भागलपुर जिले में अपनी सेवा दे रहे थे।

सुल्तानगंज में पदस्थापन से पहले वे कहलगांव में भी पदस्थापित रह चुके थे। उन्होंने कहा कि उनकी असमय मृत्यु प्रशासनिक सेवा के लिए अपूरणीय क्षति है। वहीं, नगर परिषद अध्यक्ष राजकुमार गुड्डू का इलाज जारी है। इस घटना से पूरे जिले में शोक और आक्रोश का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story