कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा के आकस्मिक निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह कुशवाहा के आकस्मिक निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन


भागलपुर, 10 मई (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष स्वर्गीय प्रवीण सिंह कुशवाहा के आकस्मिक निधन पर रविवार को जिला कांग्रेस कमिटी द्वारा एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम का नेतृत्व जिला के प्रभारी राहुल सिंह चौहान ने किया एवं संचालन राजेश रंजन राजू ने किया।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय प्रवीण सिंह कुशवाहा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे राजनीतिक जीवन में संगठन के प्रति अद्भुत ईमानदारी, निष्ठा, समर्पण एवं संघर्षशीलता का परिचय दिया। उन्होंने पार्टी को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने तथा जनसरोकार के मुद्दों को मजबूती से उठाने में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई। उनका निधन कांग्रेस परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय प्रवीण सिंह कुशवाहा का सरल स्वभाव, कर्मठता और संगठन के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। उनके नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमिटी ने कई महत्वपूर्ण जनआंदोलनों और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती प्रदान की। सभा के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय प्रवीण सिंह कुशवाहा की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया तथा उनके तैलचित्र पर बारी-बारी से पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story